फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: प्रशांत किशोर पर उपेंद्र कुशवाहा का तीखा हमला, बोले- चुनाव आते ही याद आया सातवां वेतन आयोग

Mon, 12 Oct 2026 07:51 AM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला,मुजफ्फरपुर

सार

तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव से पहले बिहार की सियासत गरमा गई है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए उन्हें ढोंगी बताया।

विज्ञापन
मुजफ्फरपुर में प्रशांत किशोर पर निशाना साधते राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। मतदान से पहले पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी बीच रविवार शाम मुजफ्फरपुर पहुंचे राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रशांत किशोर को ढोंगी बताते हुए कहा कि इस चुनाव में उनकी कथनी और करनी में बहुत बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने सवाल उठाया कि जब प्रशांत किशोर ने पहले चुनाव नहीं लड़ने की बात कही थी, तो उन्होंने अपनी ही बात का पालन क्यों नहीं किया।

चुनाव आते ही प्रशांत किशोर को सातवें वेतन आयोग की याद आई: कुशवाहा

उपेंद्र कुशवाहा ने प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आते ही उन्हें सातवें वेतन आयोग की याद आने लगी है। उन्होंने कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकार बनने के बाद से शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम किए गए हैं। पूरा देश जानता है कि राज्य में बड़े पैमाने पर शिक्षकों की बहाली हुई है और शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

विज्ञापन

कुशवाहा ने दावा किया कि इस बार बिहार विधान परिषद के चुनाव में एनडीए पूरे बिहार में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा। उन्होंने कहा कि एनडीए की ताकत सबसे मजबूत है और गठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में है।

जाति-धर्म से ऊपर उठकर योग्य उम्मीदवार चुनें स्नातक मतदाता

मुजफ्फरपुर के माड़ीपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपेंद्र कुशवाहा ने तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से जाति और धर्म से ऊपर उठकर योग्य उम्मीदवार चुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने स्नातकों की सेवा के लिए एक बेहतर उम्मीदवार दिया है। एनडीए ने इस सीट से अभिषेक झा को अपना प्रत्याशी बनाया है। कुशवाहा ने कहा कि अभिषेक झा ने स्नातक मतदाताओं की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए निष्ठापूर्वक काम किया है। ऐसे में स्नातक मतदाताओं को किसी के बहकावे में नहीं आना चाहिए और न ही विरोधी पक्ष की चाल में फंसना चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से योग्य उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

हार के बाद भी 23 महीने तक स्नातकों और शिक्षकों के बीच सक्रिय रहे अभिषेक झा

कार्यक्रम में एनडीए प्रत्याशी अभिषेक झा ने अपनी जिम्मेदारी सौंपने के लिए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पिछली हार के बावजूद वह लगातार 23 महीनों तक स्नातकों और शिक्षकों की सेवा में पूरी लगन के साथ जुटे रहे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्नातकों और शिक्षकों की समस्याओं को उठाने तथा उनकी आवाज बुलंद करने का उनका प्रयास आगे भी जारी रहेगा।

इस दौरान उपेंद्र कुशवाहा ने एनडीए की एकजुटता और जीत का दावा करते हुए कार्यकर्ताओं तथा मतदाताओं से गठबंधन के उम्मीदवार को समर्थन देने की अपील की। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव से पहले प्रशांत किशोर पर उनके हमले को बिहार की सियासत में जारी आरोप-प्रत्यारोप के बीच अहम माना जा रहा है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें