सार
मुजफ्फरपुर के फकुली थाना क्षेत्र में एनएच पर तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर ट्रक से टकरा गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा फकुली थाना क्षेत्र के रजला स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई।
कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे जा घुसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे जा घुसा और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा
जानकारी के मुताबिक, ट्रक और कार दोनों मुजफ्फरपुर से पटना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रजला हाईवे के पास कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद हाईवे की एक लेन पर यातायात प्रभावित हो गया और कुछ समय के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पोस्टमॉर्टम के लिए शव मेडिकल कॉलेज भेजा
घटना की सूचना मिलते ही फकुली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। वहीं मृतक के शव को कार से बाहर निकालकर कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
ये भी पढ़ें-
Bihar News: अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में पटना रेफर; दहशत में परिवार
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान वैशाली जिले के सेंदुआरी गांव निवासी व्यक्ति के रूप में हुई है। वहीं सभी घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फकुली थाना प्रभारी कृष्णकांत मिश्रा ने बताया कि कार और ट्रक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हुई है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है तथा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस मृतक और घायलों की पहचान तथा अन्य तथ्यों का सत्यापन कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।