मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव के रहने वाले 14 वर्षीय छात्र शुभम कुमार का शव शनिवार को बूढ़ी गंडक नदी के संगम घाट पर उपलाता हुआ मिला। शुभम बीते 4 सितंबर की सुबह घर से दोस्तों के साथ निकला था और तब से लापता था। शव की बरामदगी के बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।
मृतक के पिता पप्पू राम ने बताया कि उनका बेटा दोस्तों के साथ नहाने गया था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की और थाने में इसकी सूचना दी। उनका आरोप है कि शुभम के दोस्तों ने घटना की जानकारी छुपाई। समय पर बताया गया होता तो बेटे की जान बचाई जा सकती थी। पिता ने आशंका जताई कि बेटे की हत्या कर शव को पानी में फेंका गया है।