मुजफ्फरपुर जिले में 10 दिनों से लापता एक मासूम बच्चे का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान ऋषिकेश कुमार, पिता अशोक सिंह के रूप में की गई है। घटना जिले के करजा थाना क्षेत्र के चैनपुर पररी चौड़ की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार को गांव के पास चौड़ में मासूम का सड़ा-गला शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शव की स्थिति बेहद भयावह बताई जा रही है, जिससे लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों का माहौल है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
निर्ममता की हदें पार, शव मिला क्षत-विक्षत अवस्था में
बताया जा रहा है कि हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। मासूम के शव को क्षत-विक्षत हालत में पाया गया है और उसके हाथ तथा पैर के पंजे तक काट दिए गए थे। शव काफी दिनों पुराना होने के कारण बुरी तरह सड़ चुका था। जैसे ही शव मिलने की खबर गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।
27 फरवरी से लापता था ऋषिकेश
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि चैनपुर गांव के पछियारी टोला निवासी अशोक सिंह का पुत्र ऋषिकेश कुमार बीते 27 फरवरी की दोपहर करीब 3 बजे घर के पास स्थित शिव मंदिर में अन्य बच्चों के साथ खेलने गया था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। काफी देर तक इंतजार के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला, तब उसकी मां सोनी देवी ने करजा थाने में उसके गायब होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल, गांव में आक्रोश
ऋषिकेश चार बहनों के बीच अकेला भाई था। बेटे का शव क्षत-विक्षत हालत में मिलने के बाद मां सोनी देवी और पिता अशोक सिंह का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं इस घटना के बाद गांव के लोगों में भी भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
पढ़ें- बिहार में हैवानियत की हद: घर बुलाकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म, चार आरोपी गिरफ्तार; अन्य की तलाश जारी
पुलिस की विशेष टीम कर रही जांच
एसएसपी कांतेश मिश्रा ने बताया कि ऋषिकेश की हत्या के पीछे कई गंभीर पहलू सामने आ रहे हैं, जिनकी जांच के लिए पुलिस की विशेष टीम काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड का जल्द खुलासा किया जाएगा और इसमें शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक जांच की प्रक्रिया शुरू
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। साथ ही मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम की भी मदद ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।