फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: शादी के 8 दिन बाद युवक की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव; पत्नी से हुआ था विवाद

Tue, 18 Aug 2026 09:28 AM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर

सार

बिहार के मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के मिश्रा टोला में 20 वर्षीय विकास कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों के मुताबिक विकास ने करीब आठ दिन पहले पड़ोस की लड़की से प्रेम विवाह किया था और शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
विज्ञापन
मौके पर मौजूद लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के मुजफ्फरपुर से एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के मिश्रा टोला में सोमवार शाम करीब 20 वर्षीय विकास कुमार का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए सभी बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है।

कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो हुआ शक, तोड़कर देखा तो फंदे से लटका मिला शव

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय विकास के परिजन काम करने के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान विकास अपने कमरे में अकेला था। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। लोगों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर विकास का शव फंदे से लटका हुआ मिला।

शव मिलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। वहीं, परिजन और स्थानीय लोग विकास को लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

आठ दिन पहले ही पड़ोस की लड़की से किया था प्रेम विवाह

परिजनों के मुताबिक, विकास ने करीब आठ दिन पहले ही पड़ोस में रहने वाली एक लड़की से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही दोनों के बीच लगातार विवाद होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि बीते दिनों विकास का अपनी पत्नी के साथ विवाद हुआ था, जिसके बाद उसकी पत्नी मायके चली गई थी।

पत्नी के मायके जाने के बाद विकास अपने कमरे में अकेला रह रहा था। इसी दौरान सोमवार को उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद के कारण विकास ने यह कदम उठाया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी इसे आत्महत्या मानकर अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है।

पुलिस ने कहा- जांच के बाद ही स्पष्ट होगी मौत की वजह

पूरे मामले को लेकर काजी मोहम्मदपुर थाना प्रभारी चंद्र भूषण कुमार ने बताया कि युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, पूछताछ और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें