सार
मुजफ्फरपुर में शनिवार रात दो अलग-अलग जगहों पर चाकूबाजी की घटनाओं में दुकानदार समेत चार लोग घायल हो गए। ब्रह्मपुरा में तीन युवकों पर ताबड़तोड़ हमला हुआ, जबकि मोतीझील में इलेक्ट्रिक दुकानदार को चाकू मारा गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
मुजफ्फरपुर शहर में शनिवार रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चाकूबाजी की घटनाओं से सनसनी फैल गई। ब्रह्मपुरा और नगर थाना क्षेत्र में हुई इन वारदातों में इलेक्ट्रिक दुकानदार समेत चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस जांच में जुट गई है।
तीनों घायलों का इलाज जारी
जानकारी के अनुसार, ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी चौक-मरीन ड्राइव के समीप दो गुटों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट और चाकूबाजी हुई। इस घटना में झीटकहियां निवासी 19 वर्षीय शिवम कुमार, 17 वर्षीय साहिल कुमार और 14 वर्षीय संजीत कुमार घायल हो गए। बताया जा रहा है कि शिवम कुमार पर सिर, गर्दन, पीठ और बांह पर आधा दर्जन से अधिक वार किए गए। वहीं साहिल के बांह और पीठ पर चाकू मारा गया, जबकि संजीत के कंधे पर हमला किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
आधा दर्जन युवकों ने किया हमला
घायलों ने बताया कि वे लोग घूमने के लिए मरीन ड्राइव पहुंचे थे। इसी दौरान वहां पहले से कुछ युवक आपस में झगड़ रहे थे। अचानक एक गुट के आधा दर्जन युवकों ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इधर, नगर थाना क्षेत्र के मोतीझील स्टेशन रोड के पास भी शनिवार रात करीब नौ बजे एक इलेक्ट्रिक सामान दुकानदार पर बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। इस घटना में सदर थाना क्षेत्र के किरतपुर गुरदास निवासी गौरव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। बदमाशों ने उनके शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से वार किए।
ये भी पढ़ें-
Bihar News : एआई समिट में सीएम के बयान पर रोहिणी ने किया पलटवार; कहा- डंडे से नहीं, न्याय से आता है सुशासन
घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में भय का माहौल बन गया और कई दुकानों के शटर बंद हो गए। घायल गौरव कुमार को पहले अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दोनों मामलों में पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।