बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज में दाह संस्कार में शामिल होने गए सरपंच संघ के अध्यक्ष की नदी में डूबने से मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य व्यक्ति की जान बच गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान हालिमपुर पंचायत के सरपंच ईश्वर चंद्र दिवाकर (52) के रूप में हुई है। घटना की खबर सुनकर पूरे इलाके में मातम पसरा है।
ग्रामीणों ने बताया कि ईश्वर चंद्र दिवाकर पिछले 20 वर्षों से लगातार सरपंच थे। रविवार को गांव की एक महिला की मौत हो गई थी। उसके दाह संस्कार में शामिल होने के लिए वह हालिमपुर पंचायत में नदी घाट के पास गए थे। दाह संस्कार के बाद वह नहाने के लिए नदी में उतरे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गए। इस हादसे में उनकी मौत हो गई। घायल व्यक्ति की पहचान प्रदीप कुमार के रूप में हुई है।
डूबते सरपंच को बचाने की कोशिश में दूसरा व्यक्ति भी डूबने लगा
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि रविवार को गांव की एक महिला की मौत के बाद ग्रामीण दाह संस्कार में शामिल होने नदी घाट पर गए थे। इनमें पंचायत के सरपंच भी शामिल थे। दाह संस्कार के बाद वह नदी में नहाने गए, जहां पैर फिसलने से वह डूबने लगे। यह देखकर गांव का एक युवक उन्हें बचाने के लिए नदी में उतरा, लेकिन वह भी डूबने लगा।
ये भी पढ़ें- बिहार: ‘आंदोलन का अधिकार है, अराजकता का नहीं’, एसआईआर प्रदर्शन पर चिराग पासवान का बयान
इसके बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने दोनों को नदी से बाहर निकाला और साहेबगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सरपंच ईश्वर चंद्र दिवाकर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल प्रदीप कुमार की स्थिति ठीक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सरपंच की मौत से उनके परिवार में मातम पसरा है। वहीं, ग्रामीणों और अन्य जनप्रतिनिधियों में शोक की लहर है।
सरपंच की डूबने से मौत
सरपंच की डूबने से मौत