फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: बैंक कर्मी बनकर रिटायर्ड शिक्षक दंपति से ठगी, लिफ्ट के बहाने कार में बैठाया; नकदी और जेवर लेकर फरार

Thu, 16 Jul 2026 08:26 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर

सार

मुजफ्फरपुर में रिटायर्ड शिक्षक दंपति को लिफ्ट देने के बहाने शातिर ठगों ने अपना शिकार बना लिया। आरोपियों ने खुद को बैंक की पार्सल गाड़ी का कर्मचारी बताकर दंपति का भरोसा जीता और जांच के नाम पर नकदी व सोने की चेन लिफाफे में रखवा ली।
विज्ञापन
रिटायर्ड शिक्षक दंपति से लाखों की ठगी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुजफ्फरपुर में शातिर ठगों ने रिटायर्ड शिक्षक दंपति को अपना शिकार बना लिया। बदमाशों ने खुद को बैंक की पार्सल गाड़ी का कर्मचारी बताकर दंपति को लिफ्ट देने का झांसा दिया। इसके बाद जांच के नाम पर नकदी और जेवर एक लिफाफे में रखवाए, असली लिफाफा बदल दिया और करीब 1.30 लाख रुपये नकद तथा सोने की चेन लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन


बस का इंतजार कर रहे थे, तभी शुरू हुई ठगी की साजिश

जानकारी के अनुसार, पूर्णिया निवासी रिटायर्ड शिक्षक अपनी पत्नी के साथ सीतामढ़ी लौट रहे थे। वे तड़के करीब साढ़े चार बजे मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित चांदनी चौक एनएच के पास बस से उतरे और सीतामढ़ी जाने वाली बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक उनसे बातचीत करने लगा। कुछ देर बाद एक चारपहिया वाहन वहां पहुंचा, जिसके चालक ने खुद को बैंक की पार्सल गाड़ी का कर्मचारी बताते हुए सीतामढ़ी तक छोड़ने की बात कही।

जांच के नाम पर बदल दिया लिफाफा

दंपति के वाहन में बैठने के बाद बदमाशों ने कहा कि आगे पार्सल कार्यालय में जांच होती है, इसलिए नकदी और कीमती सामान एक लिफाफे में रख देना होगा। भरोसा दिलाने के लिए वाहन में बैठे एक युवक ने अपने 8 हजार रुपये लिफाफे में रखने का नाटक किया। इसके बाद रिटायर्ड शिक्षक ने अपनी लीज से मिले 1.30 लाख रुपये और उनकी पत्नी ने गले की सोने की चेन उतारकर लिफाफे में रख दी। इसी दौरान शातिरों ने असली लिफाफे की जगह कागजों से भरा नकली लिफाफा रख दिया।

यह भी पढ़ें: जलापूर्ति परियोजना को मिली मंजूरी, खत्म होगी पानी के लिए जंग! क्या बदलेगी समस्तीपुर की तस्वीर?

कुछ दूर ले जाकर उतारा, फिर फरार हुए बदमाश

कुछ दूरी तय करने के बाद बदमाशों ने दंपति को यह कहकर वाहन से उतार दिया कि पार्सल कार्यालय आगे है और वहां पैदल पहुंच जाएं। जैसे ही दोनों नीचे उतरे, चालक तेज रफ्तार से वाहन लेकर फरार हो गया। बैग की जांच करने पर उन्हें ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने अपने परिजनों को सूचना दी और बेटे के साथ ब्रह्मपुरा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

सीसीटीवी फुटेज से तलाश में जुटी पुलिस

ब्रह्मपुरा थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि रिटायर्ड शिक्षक दंपति से ठगी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें