मुजफ्फरपुर जंक्शन पर रेल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की भारी खेप के साथ एक महिला और एक पुरुष तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह सफलता जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में मिली है। दोनों आरोपियों को प्लेटफॉर्म नंबर एक के पास संदिग्ध हालत में पकड़ा गया। उनके पास से लगभग 19 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
रेल पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए तस्कर मादक पदार्थ की इस खेप को गुप्त तरीके से छिपाकर गोरखपुर ले जाने की फिराक में थे, जहां इसे किसी बड़े तस्कर को सौंपा जाना था। पूछताछ में दोनों ने बताया कि यह खेप उन्हें पटना के एक सप्लायर से मिली थी और इसके बदले उन्हें कमीशन मिलने वाला था। गिरफ्तार महिला तस्कर मुंगेर जिले की निवासी है, जबकि पुरुष तस्कर का संबंध बेगूसराय जिले से है। दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते हैं और साथ मिलकर इस अवैध धंधे को अंजाम दे रहे थे।