कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को अपनी वोट अधिकार यात्रा के तहत मुजफ्फरपुर के गायघाट स्थित जारंग हाई स्कूल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर हमला बोला।
राहुल गांधी ने कहा कि देशभर में वोट की चोरी हो रही है। इस संबंध में राहुल गांधी ने कहा कि, "अमित शाह कहते हैं कि भाजपा 40 साल तक शासन करेगी। लेकिन राजनीति में आप यह नहीं कह सकते कि कल क्या होगा। इस संबंध में किसी भी राजनेता से पूछें तो वह आपको जवाब देंगे कि कोई भी चुनाव के नतीजों की भविष्यवाणी नहीं कर सकता। राहुल गांधी ने आगे कहा कि 2019 में, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक प्रेस वार्ता में यह कहा था कि भाजपा 300 सीटें हासिल करेगी और ठीक वैसा ही हुआ। कैसे? क्योंकि ये लोग वोट चुरा रहे हैं।” राहुल गांधी ने कहा कि इसी के खिलाफ हमने यह यात्रा शुरू की है। इसकी सफलता देखकर मैं काफी उत्साहित हूं। यात्रा का आज 11वां दिन है और मुजफ्फरपुर पहुंचकर आप सबका समर्थन देखकर खुशी हो रही है। अब हम लोग सीतामढ़ी जाएंगे।
राहुल गांधी ने इस मौके पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और डीएमके सांसद कनिमोझी का आभार व्यक्त किया। राहुल ने कहा कि इतनी गर्मी के बावजूद बिहार आकर उन्होंने जिस तरह से हमारा साथ दिया है, वह सराहनीय है। आने वाले दिनों में हमारी सरकार बनेगी और जनता का समर्थन देश में नई क्रांति लाएगा। यह लड़ाई सांप्रदायिक ताकतों और वोट की चोरी करने वालों से है, जिसमें सभी दल एकजुट होकर साथ दे रहे हैं।
पढ़ें: सड़क नहीं बनी तो ग्रामीणों ने रोपी धान, पूर्णिया में भाजपा विधायक के विकास की खुली पोल; जमकर विरोध
राहुल गांधी ने बिहार में एसआईआर (SIR) मुद्दे पर विपक्ष की एकजुटता की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार में जिस तरह विपक्ष ने मिलकर मजबूती दिखाई है, वही ताकत सत्ता में बैठे लोगों को बाहर का रास्ता दिखाएगी। इस मौके पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ सीपीआई(एमएल) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, जन अधिकार पार्टी प्रमुख सांसद पप्पू यादव, राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन सहित कई विपक्षी दलों के नेता मौजूद रहे।