बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित कतहीं पुल रोड के पास राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में बुधवार शाम छात्रों के दो गुटों के बीच देखते ही देखते जमकर मारपीट हो गई। इतना ही नहीं, विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और पूरा कॉलेज परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। छात्रों के बीच हुई मारपीट और पत्थरबाजी से अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कई छात्र घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें छात्र एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते और आपस में भिड़ते नजर आ रहे हैं। अचानक हुए इस हंगामे से कॉलेज परिसर में मौजूद छात्रों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई। वहीं, कॉलेज की सुरक्षा में तैनात एक गार्ड का सिर भी फट गया।
कंपार्टमेंट परीक्षा के बाद भड़का विवाद
बताया जा रहा है कि दरभंगा और मधुबनी के विभिन्न पॉलिटेक्निक संस्थानों के छात्रों की कंपार्टमेंटल परीक्षा यहां आयोजित की जा रही थी। बुधवार को पहली पाली में दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा समाप्त होने के बाद जब छात्र परीक्षा केंद्र से बाहर निकल रहे थे, तभी किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने पहुंचकर संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद छात्रों को शांत कर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद एहतियात के तौर पर कॉलेज परिसर में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, ताकि दोबारा किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
यह भी पढ़ें:
बीच सड़क युवक को मारी गोली! मामूली विवाद के बाद फायरिंग; शराब कारोबार का भी जुड़ रहा कनेक्शन
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पूरे मामले में काजी मोहम्मदपुर थाना प्रभारी ने बताया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी देखा गया है। फिलहाल किसी छात्र की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है, ताकि हंगामा करने वाले छात्रों की पहचान की जा सके। वहीं, कॉलेज प्रशासन ने भी इस मामले की जानकारी पुलिस को दे दी है।