मुजफ्फरपुर जिले में हाड़ कंपाने वाली ठंड से अभी लोगों को कोई राहत नहीं मिल पा रही है। लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए मौसम विभाग ने एक बार फिर अलर्ट जारी किया है। वहीं, बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लेते हुए जिले में कक्षा आठवीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 10 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है।
ये भी पढ़ें- Bihar Election: विधानसभा की तरह इस बार बिहार पंचायत चुनाव भी, EVM से पड़ेंगे वोट; और क्या-क्या बदल रहा?
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले दो से तीन दिनों तक इसी तरह की स्थिति बनी रह सकती है। विभाग ने लोगों से ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने, शरीर को गर्म रखने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की अपील की है। भीषण ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए पूरे जिले में कक्षा आठवीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के पठन-पाठन पर 10 जनवरी तक रोक लगा दी है। वहीं, कक्षा नौवीं से ऊपर की कक्षाओं के लिए निर्देश जारी किए गए हैं कि शिक्षण कार्य सुबह 10 बजे के बाद शुरू किया जाए और दोपहर 3 बजे से पहले समाप्त कर दिया जाए।