फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: बिहार में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से दादी-पोती की मौत

Sat, 06 Jun 2026 08:39 AM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर

सार

मुजफ्फरपुर जिले के कटरा प्रखंड के यजुआर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन एनएच-527सी पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दादी और चार वर्षीय पोती की मौत हो गई। दोनों सड़क किनारे बैठी थीं, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।
विज्ञापन
एनएच-527सी पर दर्दनाक हादसा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुजफ्फरपुर जिले के कटरा प्रखंड क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दादी और पोती की मौत हो गई। यह हादसा यजुआर थाना क्षेत्र के इंदिरा बाजार के समीप निर्माणाधीन एनएच-527सी पर देर रात हुआ। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे बैठी दादी-पोती को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान यजुआर निवासी सुबोध मंडल की पत्नी रेखा देवी (45 वर्ष) और रंजीत मंडल की चार वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी के रूप में की गई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मासूम खुशी कुमारी के सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिसके कारण उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई थी।

गर्मी से राहत पाने के लिए सड़क किनारे बैठी थीं

परिजनों ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण दादी और पोती निर्माणाधीन एनएच-527सी के किनारे बैठी थीं। इसी दौरान यजुआर गांव की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

दुर्घटना की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम छा गया। अस्पताल में दोनों की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और लोग तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही यजुआर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बाइक सड़क किनारे बैठी दादी-पोती से जा टकराई।

बाइक चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त

थानाध्यक्ष रोशन कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए औराई थाना क्षेत्र के सम्भुता निवासी भोला सहनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दुर्घटना में शामिल बाइक को भी जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और गिरफ्तार बाइक चालक से थाने में पूछताछ की जा रही है।

परिजनों के आवेदन पर होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार परिजनों का बयान दर्ज किया जा रहा है। आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें