फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: सावन की आखिरी सोमवारी पर गरीबनाथ धाम में आस्था का सैलाब, डेढ़ लाख से ज्यादा भक्तों ने किया जलाभिषेक

Mon, 24 Aug 2026 09:28 AM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर

सार

सावन माह की चौथी और अंतिम सोमवारी पर मुजफ्फरपुर के प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ धाम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आधी रात 12 बजे से शुरू हुआ जलाभिषेक का सिलसिला सुबह तक जारी रहा। मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन के अनुसार, रात में ही डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु जलाभिषेक कर चुके थे।
विज्ञापन
आखिरी सोमवारी पर उमड़ा भक्तों का सैलाब - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सावन माह की चौथी और अंतिम सोमवारी पर सोमवार को बाबा गरीबनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। आधी रात 12 बजे से ही बाबा के जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाबा गरीबनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे। इस दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा गरीबनाथ’ के जयकारों से गूंज उठा। बाबा के भक्तों ने श्रद्धा के साथ जलाभिषेक किया। मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, रात में ही करीब डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा पर जलाभिषेक कर चुके हैं। वहीं, अहले सुबह के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं की भी बड़ी भीड़ उमड़ने की संभावना है।

आधी रात से जारी है जलाभिषेक

बिहार के प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ धाम में चौथी सोमवारी को लेकर रात 12 बजे से जलाभिषेक का दौर शुरू हुआ, जो सोमवार सुबह तक लगातार जारी रहा। सामान्य कांवरियों के साथ बड़ी संख्या में डाक कांवरिया भी बाबा के दरबार में पहुंचे। भक्तों में बाबा गरीबनाथ के प्रति आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा है। श्रद्धालु बाबा गरीबनाथ का जयकारा लगाते हुए मंदिर पहुंच रहे हैं और जलाभिषेक कर रहे हैं। भक्तों की भारी भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह और बाबा के प्रति आस्था में कोई कमी नहीं दिखाई दी।

अरघा के जरिए हो रहा जलाभिषेक, LED स्क्रीन से दर्शन

भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए बाबा गरीबनाथ मंदिर के सामने अरघा लगाया गया है। इसी के माध्यम से श्रद्धालुओं से जलाभिषेक कराया जा रहा है। भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ भक्तों को बाबा के दर्शन कराने के लिए मंदिर परिसर में एलईडी स्क्रीन की भी व्यवस्था की गई है। एलईडी स्क्रीन के जरिए श्रद्धालु बाबा गरीबनाथ के दर्शन कर रहे हैं। इससे भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट

चौथी सोमवारी पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगातार माइकिंग कर श्रद्धालुओं को जरूरी निर्देश दिए जा रहे हैं। मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार स्थिति का जायजा लेते नजर आए। एसडीपीओ टाउन-1 सुरेश कुमार और एसडीएम पूर्वी आनंद उत्सव भी मौके पर मौजूद रहे और कांवरियों की सेवा एवं व्यवस्थाओं की निगरानी करते दिखाई दिए।

प्रधान पुजारी ने बताया सोमवारी का विशेष महत्व

बाबा गरीबनाथ धाम मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित विनय पाठक ने बताया कि बाबा पर जलाभिषेक का सिलसिला लगातार जारी है। रात से लेकर सुबह तक लाखों श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक कर चुके हैं और आगे भी यह क्रम जारी है। उन्होंने कहा कि बाबा गरीबनाथ के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ रही है। स्थानीय श्रद्धालु भी लगातार बाबा गरीबनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। भक्त पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद ले रहे हैं।

सावन की अंतिम सोमवारी का विशेष महत्व

प्रधान पुजारी ने बताया कि आज सावन माह की अंतिम सोमवारी है और धार्मिक मान्यताओं में इसका विशेष महत्व माना गया है। सावन की चौथी सोमवारी को लेकर भी श्रद्धालुओं में विशेष आस्था है। इसी कारण बाबा गरीबनाथ धाम में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे हैं और बाबा का जलाभिषेक कर रहे हैं। चौथी सोमवारी पर मंदिर में देर रात से ही भक्तों की भीड़ जुटी हुई है और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के बीच बाबा गरीबनाथ के जलाभिषेक का सिलसिला लगातार जारी है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें