एक साथ कई लोगों को बैंक ने भेजा नोटिस
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर जिले के मड़वन प्रखंड के कोदरिया पंचायत में ग्रामीण बैंक द्वारा 50 से अधिक लोगों को किस्त नहीं चुकाने का नोटिस भेजा गया है। एक साथ इतने लोगों को नोटिस मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कभी बैंक से लोन लिया ही नहीं, फिर भी नोटिस भेजा जाना हैरानी की बात है। ग्रामीणों ने बैंक प्रबंधन से संपर्क कर मामले की जांच की मांग की है। इस घटना ने गांव के लोगों में दहशत का माहौल बना दिया है।
खरौना बसंत गांव के निवासी भगवान लाल सहनी ने बताया कि मेरी शादी ही नहीं हुई है, फिर भी बैंक ने मेरी कथित पत्नी ‘इंदर देवी’ के नाम से नोटिस भेज दिया। मैं अविवाहित हूं और यह नोटिस देखकर स्तब्ध हूं कि आखिर यह आया कहां से। वहीं स्थानीय निवासी उमेश कुमार राय ने कहा कि हम लोग निजी काम करते हैं, कभी लोन नहीं लिया। इसके बावजूद नोटिस आ गया है। गांव में लोग भयभीत हैं कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में नोटिस क्यों आया।