Accident News Update: मुजफ्फरपुर-हाजीपुर रेलखंड पर कुढ़नी स्टेशन के आगे एक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि वह ट्रेन से गिरा और हादसे का शिकार हो गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय और रेल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि मृतक ट्रेन में सवार था और सफर के दौरान गिरने के बाद ट्रेन की चपेट में आ गया। घटना कुढ़नी रेलवे स्टेशन से आगे गुमटी संख्या 18 के पास हुई। ट्रेन से कटकर व्यक्ति की मौत की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद घटना की जानकारी स्थानीय थाना और रेल थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शव के पास से कोई पहचान से जुड़ा दस्तावेज भी बरामद नहीं हुआ है। रेल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस जुटी जांच में कुढ़नी पुलिस टीम
कुढ़नी थाना पुलिस ने बताया कि रेलवे लाइन के पास एक शख्स का कटा हुआ शव मिला है। प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है। पहचान के लिए आसपास के थानों से संपर्क किया जा रहा है और सोशल मीडिया के माध्यम से भी तस्वीरें साझा कर जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल रेल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।