मुजफ्फरपुर जिले में मुजफ्फरपुर–सीतामढ़ी रेल खंड पर ट्रेन की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा झपहां गुमटी के पास उस समय हुआ, जब मजदूर साइकिल से ड्यूटी पर जा रहा था। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान के बाद परिजनों में कोहराम
मृतक की पहचान मीनापुर थाना क्षेत्र के खेमई पट्टी गांव निवासी 52 वर्षीय लक्ष्मण प्रसाद के रूप में की गई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों में शव देखकर चीख-पुकार मच गई, वहीं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर जमा हो गए।
पढ़ें- Cough Syrup: बिहार से कैसे निकली दवा? ट्राइडस सील, परवेज बोले- हमने तो किशनगंज भेजा, दूसरे राज्य नहीं भेजते
रोज की तरह मजदूरी पर निकले थे लक्ष्मण प्रसाद
ग्रामीणों के अनुसार, लक्ष्मण प्रसाद प्रतिदिन की तरह अपने गांव से शहर मजदूरी करने के लिए निकलते थे। सोमवार को भी वह साइकिल से मजदूरी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान झपहां गुमटी पार करते समय तेज गति से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू
घटना की सूचना पर झपहा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की कवायद शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हादसा रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हुआ है और स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की गई।