मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज अनुमंडल अंतर्गत राजेपुर थाना क्षेत्र के नवादा गांव में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हंसिया से गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतका की पहचान 26 वर्षीय रिंकू देवी, पति मनोज कुमार, निवासी नवादा गांव के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
घरेलू विवाद के बाद वारदात का आरोप
मृतका की मां ने बताया कि रविवार रात उनकी बेटी और दामाद के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मनोज कुमार ने घर में रखे हंसिया से रिंकू देवी की गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घर से फरार हो गया।
दो छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया
परिजनों के अनुसार, रिंकू देवी की शादी करीब सात वर्ष पहले हुई थी। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं। मृतका की मां का आरोप है कि पिछले कुछ समय से मनोज कुमार उनकी बेटी को प्रताड़ित कर रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी हाल ही में विदेश से लौटा था।
ये भी पढ़ें-
Bihar News: भाजपा नेता को फोन पर मिली जान से मारने की धमकी, दहशत में परिवार; जांच में जुटी पुलिस
आरोपी की तलाश जारी
राजेपुर थाना प्रभारी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए मोबाइल लोकेशन के आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त हंसिया बरामद कर लिया है। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।