गरहा थाना क्षेत्र के मुरादपुर निवासी करीब 40 वर्षीय अशोक कुमार सहनी की मंगलवार को मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। मृतक के शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि तीन दिन पहले फैक्ट्री मालिक और एक अन्य कर्मचारी ने अशोक की पिटाई की थी, जिसके बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और मंगलवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों ने अशोक की मौत के लिए फैक्ट्री मालिक को जिम्मेदार ठहराया है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
'लोहे की रॉड से की गई थी पिटाई'
मृतक अशोक सहनी की पत्नी रीना देवी ने बताया कि उनके पति हाल में फैक्ट्री मालिक के यहां चालक के रूप में काम करते थे। विश्वकर्मा पूजा के अगले दिन वह घर नहीं लौटे। पूछने पर परिजनों को बताया गया कि अशोक का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। रीना देवी ने आरोप लगाया कि अशोक को मिर्गी की बीमारी बताई जा रही थी, जबकि ऐसा कुछ नहीं था। उनके अनुसार, अशोक की लोहे की रॉड से पिटाई की गई थी और गहरी चोट के कारण उनकी मौत हुई है। उन्होंने कहा कि पति की मौत के बाद परिवार न्याय की मांग कर रहा है।
शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने लगाया जाम
अशोक की मौत के बाद परिजन और ग्रामीण शव लेकर सड़क पर पहुंच गए और जाम कर दिया। इस दौरान फैक्ट्री मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। ग्रामीणों का कहना था कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें:
बिहार: जमुई कांड पर सीएम सम्राट चौधरी सख्त, बोले- अपराधी की कोई जाति नहीं होती, बख्शे नहीं जाएंगे
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
गरहा थाना पुलिस के अनुसार, शव सड़क पर रखकर जाम किए जाने की सूचना मिली थी। परिजनों ने पिटाई के कारण मौत होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।