फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: मां-बेटे का रिश्ता हुआ तार-तार! जहरीला बिस्किट खाने से ढाई साल के मासूम की मौत, हिरासत में महिला

Fri, 21 Aug 2026 08:27 AM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला,मुजफ्फरपुर

सार

मुजफ्फरपुर के मीनापुर प्रखंड के रामपुर हरि थाना क्षेत्र में ढाई साल के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। आरोप है कि पारिवारिक विवाद के बीच बच्चे की मां ने कथित तौर पर बिस्किट में जहरीला पदार्थ मिलाकर उसे खिला दिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई।
विज्ञापन
मां पर मासूम को मारने के आरोप - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर प्रखंड के रामपुर हरि थाना क्षेत्र के टेंगरांहा उत्तरी टोला में ढाई साल के मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। आरोप है कि पारिवारिक विवाद के चलते बच्चे की मां ने कथित तौर पर बिस्किट में जहरीला पदार्थ मिलाकर उसे खिला दिया। बच्चे की हालत बिगड़ने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पारिवारिक विवाद के बीच मासूम की मौत

मृतक बच्चे की पहचान टेंगरांहा उत्तरी टोला निवासी अखिलेश राम के ढाई वर्षीय बेटे आर्यन कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चे का पिता पंजाब में मजदूरी करता है। बच्चे के दादा कैलाश राम के अनुसार, करीब सात साल पहले अखिलेश की शादी आरती कुमारी से हुई थी। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोप है कि महिला कई बार बिना बताए अपने मायके चली जाती थी। परिजनों के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले आरती मायके गई थी और बुधवार शाम ही वापस लौटी थी। गुरुवार दोपहर जब बच्चे के दादा-दादी मजदूरी करने के लिए घर से बाहर गए थे, उसी दौरान आरोप है कि मां ने बिस्किट में कोई जहरीला पदार्थ मिलाकर अपने ढाई साल के बेटे आर्यन को खिला दिया।

हालत बिगड़ी तो आसपास के लोग पहुंचे

बिस्किट खाने के बाद बच्चे की हालत अचानक बिगड़ गई। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही रामपुर हरि थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

विज्ञापन

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके से जरूरी नमूने एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। प्राथमिक जांच में बच्चे के शरीर से कथित तौर पर जहरीले पदार्थ जैसी दुर्गंध आने की बात सामने आई है।

एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चे की मौत वास्तव में जहर के कारण हुई या इसके पीछे कोई और वजह थी। एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। रामपुर हरि थाना की थानाध्यक्ष अंजली कुमारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया बच्चे की मौत जहर से होने की आशंका है। पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें