मुजफ्फरपुर में बुधवार को जिला उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें आठ को शराब तस्कर और चार को शराब पीने के आरोप में पकड़ा गया था। आज गुरुवार को सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने से पहले मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहाँ सभी को मेडिकली फिट घोषित किया गया। इसी दौरान, मोतीपुर थाना क्षेत्र के भवानी डी गाँव निवासी 38 वर्षीय बालेंद्र कुमार राय की तबीयत अचानक बिगड़ गई, और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक, मौत का कारण ब्रेन हेमरेज बताया जा रहा है। बालेंद्र कुमार राय भवानी डी गाँव निवासी बिजली राय के पुत्र थे और जानकारी के अनुसार, वह पहले भी दो बार जेल जा चुके थे।
परिजनों का पुलिस पर पिटाई का आरोप, घंटों तक हंगामा
बालेंद्र की मौत के बाद से परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हाजत में पुलिस द्वारा बालेंद्र की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उनकी हालत बिगड़ी और बाद में मौत हो गई। इसको लेकर परिजनों ने जमकर बवाल और हंगामा किया, और इस दौरान उत्पाद विभाग पर पिटाई का आरोप लगाया।
जांच जारी, प्रशासन का कोई आधिकारिक बयान नहीं
इस घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, प्रशासन की ओर से अब तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। मामले की जांच जारी है।
इस मामले में उत्पाद विभाग के प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि "आज मेडिकल जांच कराए जाने के बाद इन्हें ले जाया जा रहा था, इसी दौरान तबीयत खराब होने के कारण मौत हो गई है।" उन्होंने यह नहीं बताया कि आरोपी को पहले से कोई बीमारी थी। उन्होंने कहा कि "इस मामले की जांच की जा रही है, मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार वह अनफिट नहीं थे और पूर्व में इस मामले में जेल जा चुके हैं।"
शराब धंधेबाज की संदिग्ध मौत के बाद मचा हंगामा।
शराब धंधेबाज की संदिग्ध मौत के बाद मचा हंगामा।