मुजफ्फरपुर जिले में बिहार भ्रमण पर निकली स्कूली बच्चों की बस पानापुर थाना क्षेत्र के रघई घाट रोड पर ट्रक से टकरा गई। टक्कर में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ और बच्चों को चोटें आईं।
बिहार भ्रमण पर निकली स्कूली बच्चों की बस मुजफ्फरपुर जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के रघई घाट रोड के पास एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और बस में सवार बच्चों को चोटें आई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
विज्ञापन
जानें क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, शिवहर जिले के पिपराही थाना क्षेत्र के महुआवा उर्दू विद्यालय के छात्र-छात्राएं बिहार दर्शन के लिए वैशाली गढ़ जा रहे थे। इसी दौरान रघई घाट रोड पर शिवहर की ओर जा रहे ट्रक से बस आमने-सामने टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के दौरान गनीमत रही कि बस की रफ्तार कम थी, इसलिए कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। हालांकि, कुछ बच्चों को चोटें आईं। ट्रक चालक मौके से ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पानापुर थाना की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने बच्चों को क्षतिग्रस्त बस से सुरक्षित निकालकर दूसरी बस में बैठाकर आगे के बिहार भ्रमण के लिए रवाना किया। पानापुर थाना प्रभारी ने बताया कि शिवहर जिले के बच्चे बिहार दर्शन के लिए निकले थे और इस दौरान यह दुर्घटना हुई। किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।