बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) की ओर से मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक (उत्पाद एसआई) के पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा रविवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिले में परीक्षा के लिए 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 15 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा एक ही पाली में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी। सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
सुबह 10:30 बजे के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करने का निर्देश दिया है। 10:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा, चाहे देरी का कारण कुछ भी हो।
धारा 144 लागू, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 (पूर्व में धारा 144) के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। केंद्रों के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
अंतिम 30 मिनट में शौचालय जाने पर रोक
प्रशासन ने परीक्षा के दौरान सख्ती बरतते हुए अंतिम 30 मिनट में किसी भी अभ्यर्थी को शौचालय जाने की अनुमति नहीं देने का निर्णय लिया है। इसके अलावा अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से काफी पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें-
Bihar: तेज रफ्तार हाइवा ने मजदूर को कुचला, मौत के बाद फूटा गुस्सा; मुआवजे की मांग को लेकर घंटों जाम
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित
परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, ईयरफोन तथा अन्य सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
जैमर, CCTV और बायोमेट्रिक से होगी निगरानी
सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे और बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम की व्यवस्था की गई है। इन उपकरणों की हर 15 मिनट पर निगरानी और लॉग तैयार किया जाएगा, ताकि परीक्षा प्रक्रिया की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग का कहना है कि सभी केंद्रों पर केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। उद्देश्य है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।