फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: अतिक्रमण हटाने पर बवाल! वार्ड पार्षद को घेरकर पीटा, पिस्टल के बट से किया हमला

Tue, 25 Aug 2026 07:55 AM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला,मुजफ्फरपुर

सार

मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के बाद विवाद बढ़ गया। सोडा गोदाम रोड के पास नगर निगम वार्ड नंबर 45 के पार्षद शिवशंकर महतो पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि पिस्टल के बट से सिर पर वार करने से पार्षद घायल हो गए।
विज्ञापन
अतिक्रमण के विरोध में वार्ड पार्षद का सिर फोड़ा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुजफ्फरपुर में अतिक्रमण हटाने के अभियान के बाद विवाद का मामला सामने आया है। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के सोडा गोदाम रोड के पास अतिक्रमण हटाए जाने से नाराज कुछ लोगों ने नगर निगम के वार्ड पार्षद पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पिस्टल के बट से वार कर वार्ड पार्षद शिवशंकर महतो का सिर फोड़ दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

अतिक्रमण हटाने के बाद कुछ लोगों ने किया था विरोध

घायल वार्ड पार्षद शिवशंकर महतो नगर निगम के वार्ड नंबर 45 के पार्षद हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान उनके वार्ड में भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। इस कार्रवाई का कुछ लोगों ने विरोध किया था। पार्षद के मुताबिक, शाम को इलाके को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था। इसके बाद जब वह रात में अपने कार्यालय से घर लौट रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और अचानक हमला कर दिया।

पिस्टल के बट से सिर पर किया वार

शिवशंकर महतो ने बताया कि हमले के दौरान उनके सिर पर वार किया गया, जिससे उनका सिर फट गया और वह घायल हो गए। उनका आरोप है कि आरोपी ने पिस्टल के बट से उनके सिर पर हमला किया। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वार्ड पार्षद ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पार्षद का यह भी आरोप है कि आरोपी की ओर से पहले से ही उन्हें और उनके परिवार को धमकी दी जा रही थी।

ये भी पढ़ें- सरकारी अफसर ने आंदोलनकारियों पर की आपत्तिजनक टिप्पणी; CM नाराज, निलंबित किया

पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

पूरे मामले में सिकंदरपुर थाना पुलिस ने बताया कि देर रात वार्ड पार्षद पर हमले की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा हुआ सामने आया है। घायल वार्ड पार्षद का इलाज कराया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें