फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार : मंदिर का दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर दिखा पुजारी का शव; मौत के कारण की जांच करेगी फॉरेंसिक टीम

Wed, 07 Oct 2026 09:26 AM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर

सार

मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र स्थित बालू घाट के मंदिर परिसर में 80 वर्षीय महंत महावीर दास की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश फर्श पर मिली। घटना की जानकारी के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
विज्ञापन
जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बालू घाट रोड स्थित एक मंदिर में बुधवार सुबह 80 वर्षीय महंत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। मंदिर का दरवाजा सुबह काफी देर तक नहीं खुला और पूजा-पाठ होता भी नहीं दिखा तो आसपास के लोगों को संदेह हुआ। जब लोग मंदिर के पास पहुंचे और अंदर देखा तो महंत की लाश फर्श पर पड़ी मिली। मृतक की पहचान महंत महावीर दास (80) के रूप में हुई है। महंत के शव के मुंह से झाग निकल रहा था। मंदिर का गेट अंदर से बंद था। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में बात फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर सिकंदरपुर थाना पुलिस भी पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

विज्ञापन


लंबे समय से मंदिर में रह रहे थे महंत

महंत महावीर दास लंबे समय से इसी मंदिर में रहकर देखरेख और पूजा-पाठ का काम करते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार वह मंदिर परिसर में अकेले रहते थे। बताया गया कि पिछले कुछ महीनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी और उनका इलाज भी चल रहा था। पुलिस ने मौत की परिस्थितियों को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी सूचना दी गई है। टीम के पहुंचने के बाद मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए जाएंगे।

पंडित बोले- किसी विवाद की जानकारी नहीं

घटना को लेकर पंडित रंजीत नारायण तिवारी ने बताया कि उन्हें बुधवार सुबह महंत महावीर दास की मौत की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि महंत लंबे समय से मंदिर में रहते थे और धार्मिक कार्यों में लगे रहते थे। वह यहां अकेले रहते हुए पूजा-पाठ किया करते थे। पंडित रंजीत नारायण तिवारी के मुताबिक महंत पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रहे थे और दवाएं भी ले रहे थे। उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है। उन्होंने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना देने के साथ अन्य महंतों को भी जानकारी दी गई है।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि महंत के अंतिम संस्कार और साधुओं से जुड़े धार्मिक रीति-रिवाजों को लेकर स्थानीय लोगों के साथ बातचीत के बाद निर्णय लिया जाएगा। उनके अनुसार, उनके संज्ञान में महंत का किसी व्यक्ति से किसी तरह का विवाद होने की जानकारी नहीं है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही।

पुलिस बोली- सभी पहलुओं से जांच जारी

सिकंदरपुर थाना प्रभारी राकेश मोहन ने बताया कि मंदिर परिसर में एक महंत का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मंदिर का गेट अंदर से बंद था और शव फर्श पर पड़ा हुआ था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को सूचना दी गई है। टीम के मौके पर पहुंचने के बाद घटनास्थल की जांच और जरूरी साक्ष्य संकलित किए जाएंगे। पुलिस घटना से जुड़े सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। मौत का वास्तविक कारण जांच और आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें