मोतिहारी जिले के अरेराज प्रखंड में सोमवार को एक बड़ी घटना में ब्लॉक रिसोर्स पर्सन (बीआरपी) कुबेर पांडेय उर्फ अभिनंदन पांडेय की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस दिनदहाड़े हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक, कुबेर पांडेय पहले पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे और वर्तमान में अरेराज बीआरसी कार्यालय में कार्यरत थे। कुबेर पांडेय पर उस समय हमला किया गया जब वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। घटना गोविंदगंज थाना क्षेत्र के रढ़िया गांव के पास हुई।
संपत्ति विवाद का शक
मोतिहारी पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह हत्या संपत्ति विवाद का परिणाम लग रही है। हालांकि, अन्य पहलुओं पर भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अरेराज अनुमंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआत में घटना को सड़क दुर्घटना समझा गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा कपड़े हटाने पर गोली लगने के निशान मिले, जिससे यह हत्या का मामला साबित हुआ।
घटना के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने अरेराज के एसडीपीओ रंजन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है। एसआईटी मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। गोविंदगंज थाना अध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल पर जांच टीम ने कई सुराग जुटाए हैं। स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है और अपराधियों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी भी की गई है।
पत्रकार से शिक्षक तक का रहा सफर
जानकारी के मुताबिक, कुबेर पांडेय उर्फ अभिनंदन पांडेय लौकहा पकड़िया गांव (पहाड़पुर थाना क्षेत्र) के निवासी थे। वह पहले पत्रकारिता से जुड़े हुए थे और क्षेत्र में एक चर्चित नाम थे। बाद में उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में कदम रखा और अरेराज बीआरसी कार्यालय में बीआरपी के पद पर कार्यरत थे। उनकी हत्या से न केवल उनके परिवार में शोक का माहौल है, बल्कि स्थानीय शिक्षकों और समाज में भी आक्रोश व्याप्त है।
जनता में भय और प्रशासन की चुनौती
इस घटना ने आम लोगों में असुरक्षा की भावना को बढ़ा दिया है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से लोग दहशत में हैं और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। एसडीपीओ रंजन कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए कहा कि हम मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। यह घटना कानून व्यवस्था पर हमला है और हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।