Bihar News: पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि प्रखंड में एक सहायक शिक्षक का सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करते वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन घटना ने शिक्षा विभाग की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मोतिहारी में शिक्षा की अलख जगाने की जिम्मेदारी निभाने वाले एक शिक्षक का सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे शिक्षा विभाग की छवि पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पूरा मामला पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि प्रखंड अंतर्गत कनछेदवा मौजे गांव का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में भोजपुरी के अश्लील गीतों पर एक ऑर्केस्ट्रा डांसर के साथ आपत्तिजनक इशारे करते हुए एक अधेड़ व्यक्ति नजर आ रहा है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति प्राथमिक विद्यालय कनछेदवा का सहायक शिक्षक मधुसूदन सिंह है।
ग्रामीणों के अनुसार, संबंधित शिक्षक को लेकर पहले से ही तरह-तरह की चर्चाएं होती रही हैं। वहीं वीडियो में व्यक्ति की स्थिति को देखकर नशे में होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
अब देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग इस पूरे मामले को लेकर क्या रुख अपनाता है और संबंधित शिक्षक पर कोई कार्रवाई होती है या नहीं। फिलहाल अमर उजाला इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।