वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव में ग्रामीणों ने एक 16 वर्षीय नाबालिग को चोर समझकर पूरी रात बेरहमी से पीटा। घटना के बाद ग्रामीणों ने किशोर को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घायल किशोर को इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर में भर्ती कराया।
घायल किशोर की पहचान भैरोपुर निवासी अमोद पासवान के 16 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रोहित की मानसिक स्थिति पिछले तीन साल से ठीक नहीं है। बीती रात वह पेशाब करने के लिए घर से बाहर निकला, लेकिन अपनी दिमागी स्थिति के कारण भटक गया और घर लौटने के बजाय गांव में ही घूमने लगा।
पढ़ें: 'घुसपैठ हो रही, चौकीदार सो रहा है', स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का PM मोदी पर तंज; आगामी चुनाव पर भी बोले
इसी दौरान भैरोपुर गांव के कुछ लोगों की नजर रोहित पर पड़ी। उन्हें शक हुआ और उन्होंने रोहित को पकड़कर चोर समझकर पीट दिया। इलाज के बाद पुलिस ने किशोर को उसके परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बिदुपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।