वैशाली: जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र के पहलेजा-सोनपुर रोड पर सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। खड़ी ट्रक में एक अनियंत्रित बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बोलेरो सवार 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोग व राहगीर मदद के लिए जुट गए।
सभी घायलों को तुरंत सोनपुर के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों की टीम ने वहां सभी घायलों का इलाज किया। हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया, जबकि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पढ़ें: किशनगंज में पुलिस टीम पर ग्रामीणों का हमला, चोरी के आरोपी को छुड़ाया; महिला ASI समेत 4 पुलिसकर्मी घायल
मिली जानकारी के अनुसार, घायल सभी यात्री सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर जिले के रहने वाले हैं। वे देवघर बाबा धाम जलाभिषेक कर लौट रहे थे। सोनपुर पहलेजा घाट से जल लेकर उन्हें बाबा गरीबनाथ धाम, मुजफ्फरपुर जाना था, लेकिन इसी दौरान बोलेरो ट्रक से टकरा गई।
घायलों में मुजफ्फरपुर के कैलाश महतो (50 वर्ष), उनकी पत्नी इंद्रासन देवी (40 वर्ष), पुत्र मनीष कुमार (12 वर्ष) और भाई शंभू महतो (45 वर्ष) शामिल हैं। वहीं सीतामढ़ी जिले के जमाहिर महतो (50 वर्ष), उनकी पत्नी माहेश्वरी देवी (45 वर्ष), सुशील देवी (40 वर्ष) और शनिचरी देवी (40 वर्ष) भी घायल हुए हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।