उत्पाद विभाग ने भारी मात्रा में शराब जब्त की
- फोटो : अमर उजाला
बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करों की गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी क्रम में उत्पाद विभाग की टीम ने मुजफ्फरपुर के मोतीपुर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंडों से भरे एक ट्रक से भारी मात्रा में पंजाब निर्मित अवैध शराब जब्त की है। यह ट्रक उत्तर प्रदेश नंबर का है, जिसमें दो अलग-अलग ब्रांड की शराब छुपा कर ले जाई जा रही थी।
उत्पाद विभाग की छापेमारी मोगा ढाबा के पास गुप्त सूचना के आधार पर की गई। टीम के पहुंचने से पहले ही ट्रक का चालक और उसका सहयोगी मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह शराब पंजाब के एक अंडा व्यवसायी के नाम पर विक्रमगंज भेजी जानी थी। लेकिन शराब तस्करों ने अंडे की आड़ में शराब छिपाकर उसे पहले स्थानीय सप्लायर को देने की योजना बनाई थी।
ये भी पढ़ें: रिमांड होम में बाल कैदी ने किया सुसाइड, बाथरूम में फंदे से लटका मिला शव; पांच दिन पहले आया था
शराब की खेप को ट्रक में बड़ी चालाकी से छिपाया गया था। जैसे ही ट्रक बिहार सीमा में दाखिल हुआ, चालक और उपचालक ने ट्रक का जीपीएस सिस्टम बंद कर दिया, ताकि उनकी लोकेशन ट्रैक न हो सके। लेकिन उत्पाद विभाग ने सतर्कता दिखाते हुए इस तस्करी को पकड़ लिया। उत्पाद निरीक्षक दीपक कुमार सिंह ने बताया कि जब्त शराब की काउंटिंग की जा रही है और ट्रक में रखे अंडों को भी सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने कहा कि शराब तस्कर नेटवर्क का पता लगाने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है।