मौके पर जांच करती हुई पुलिस टीम
- फोटो : अमर उजाला
वैशाली जिले के हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिग्गी पश्चिमी वार्ड संख्या तीन स्थित हनुमान मंदिर के पास शनिवार की शाम अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना उस समय हुई जब मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधी मौके पर पहुंचे और युवक के सिर में गोली चला दी।
गोली की आवाज से इलाके में मचा हड़कंप
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल सदर थाना की पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया।
हालत गंभीर होने पर पीएमसीएच रेफर
हाजीपुर सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने युवक की हालत को नाजुक बताया और बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया। घायल युवक की पहचान लालगंज थाना क्षेत्र के केशोपुर गांव निवासी उमेश ठाकुर के पुत्र मनीष कुमार के रूप में की गई है।
पढ़ें- Bihar: घर में जा घुसा बेकाबू ट्रैक्टर, हादसे में तीन लोग घायल; गुस्साए लोगों ने चालक को पेड़ से बांधकर पीटा
पुलिस जांच में प्रेम प्रसंग का विवाद सामने आया
घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ वन सुबोध कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग के विवाद को लेकर मनीष कुमार को गोली मारी गई।
सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों की पहचान
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें अपराधियों की पहचान कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। सदर एसडीपीओ ने बताया कि घटनास्थल से पुलिस ने दो गोली के खोखे बरामद किए हैं। घायल युवक का इलाज पटना में चल रहा है और फिलहाल उसे खतरे से बाहर बताया जा रहा है। पूरे मामले की गहन जांच जारी है।