फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: पांच शादियां, तीन मौतें, अब पांचवीं पत्नी की लाश, ‘डॉक्टर’ या सीरियल किलर? पुलिस ने शुरू की जांच

Sat, 21 Mar 2026 05:18 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली

सार

वैशाली जिले में एक झोलाछाप डॉक्टर प्रितेश कुमार की जिंदगी का चौंकाने वाला सच सामने आया है, जिसने 10 साल में पांच शादियां कीं। इनमें से तीन पत्नियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है, जबकि दो पत्नियां घर छोड़कर चली गईं।
विज्ञापन
मृतक और आरोपी की फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के वैशाली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है। बिदुपुर थाना क्षेत्र के नवानगर ऊपरी गांव निवासी झोलाछाप डॉक्टर प्रितेश कुमार पर 10 वर्षों में पांच शादियां करने और उनमें से तीन पत्नियों की संदिग्ध मौत होने के गंभीर आरोप लगे हैं, जबकि दो पत्नियां घर छोड़कर जा चुकी हैं।
विज्ञापन


हालिया मामला उसकी पांचवीं पत्नी सलोनी कुमारी की संदिग्ध मौत से जुड़ा है, जिसका शव घर के कमरे में बेड पर मिला। घटना से पहले का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें महिला घर से भागती हुई नजर आ रही है। हालांकि अगले ही दिन उसका शव घर से बरामद किया गया। दोनों की शादी सितंबर 2024 में हुई थी और महिला तीन महीने की गर्भवती थी।

कौन है प्रितेश कुमार?

ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी प्रितेश कुमार कोई डिग्रीधारी डॉक्टर नहीं है। उसके पिता दिनेश प्रसाद साह भी पिछले 20 वर्षों से बिना औपचारिक मेडिकल डिग्री के लोगों का इलाज करते रहे हैं। प्रितेश ने भी अपने पिता की दवा दुकान पर रहकर इलाज का काम सीखा और धीरे-धीरे खुद को डॉक्टर के रूप में पेश करने लगा। गांव में लोग उसे झोलाछाप डॉक्टर के नाम से जानते हैं।
विज्ञापन


‘सिर्फ शारीरिक संबंध के लिए करता था शादी’

मृतका के भाई आदित्य ने आरोप लगाया कि प्रितेश कुमार महिलाओं से शादी केवल शारीरिक शोषण के लिए करता था। उसे बच्चा नहीं चाहिए था और उनकी बहन को सिर्फ शारीरिक संबंध के लिए रखा गया था। ग्रामीणों के मुताबिक, प्रितेश अपनी दूसरी पत्नी से हुए बेटे और बेटी के अलावा और संतान नहीं चाहता था। जब उसकी पांचवीं पत्नी सलोनी गर्भवती हुई तो घर में विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि ससुराल पक्ष उस पर गर्भपात कराने का दबाव बना रहा था, लेकिन सलोनी अपनी संतान चाहती थी, जिससे तनाव लगातार बढ़ता गया।

आर्थिक दबदबे के कारण दबते रहे मामले

गांव में चर्चा है कि प्रितेश का परिवार आर्थिक रूप से मजबूत है, जिसके कारण अब तक उसके खिलाफ कोई खुलकर सामने नहीं आया। पहले की शादियों और विवादों को पंचायत स्तर पर ही दबा दिया गया। प्रितेश की पहली शादी 2013 में महनार थाना क्षेत्र में हुई थी, जो करीब एक साल ही चली। आरोप है कि उसने पत्नी को मानसिक रूप से कमजोर बताकर घर से निकाल दिया। मामला पंचायत में ही सुलझा लिया गया।

दूसरी पत्नी की 10 साल बाद संदिग्ध मौत

दूसरी शादी 2014 में भगवानपुर क्षेत्र में हुई थी, जो करीब 10 वर्षों तक चली। इस दौरान उसे एक बेटा और एक बेटी हुए। बाद में पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ा और 2024 में महिला की जलने से संदिग्ध मौत हो गई। परिवार ने इसे स्टोव फटने की घटना बताया। तीसरी शादी फरवरी 2024 में हाजीपुर के बगमल्ली इलाके की एक शादीशुदा महिला से हुई। बाद में उसके पहले पति के हस्तक्षेप के बाद यह रिश्ता खत्म हो गया। चौथी शादी जून 2024 में सराय क्षेत्र में हुई, जो एक महीने भी नहीं चली। आरोप है कि पत्नी की मौत के बाद इसे छत से गिरने की घटना बताया गया।

ये भी पढ़ें: गोपालगंज के थावे दुर्गा मंदिर में प्रसाद को लेकर विवाद, मारपीट में कई श्रद्धालु घायल


पांचवीं पत्नी की हत्या का आरोप

ग्रामीणों के अनुसार, सितंबर 2024 में प्रितेश ने सलोनी से पांचवीं शादी की। शुरुआत में सब ठीक रहा, लेकिन बाद में बच्चे को लेकर विवाद बढ़ गया। सलोनी बच्चा चाहती थी, जबकि प्रितेश इसके खिलाफ था। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट की जाती थी।

CCTV में कैद भागने की घटना

बताया जा रहा है कि 16 मार्च की रात सलोनी अपनी जान बचाने के लिए घर से भागकर करीब 2 किलोमीटर दूर चली गई थी। हालांकि आधे घंटे बाद प्रितेश उसे वापस घर ले आया। यह पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। उसी रात उसकी हत्या कर दी गई होने का आरोप है।

गेट पर मिला ससुर, कमरे में मिली लाश

मृतका की मां मीणा देवी के अनुसार, सूचना मिलने पर जब वे घर पहुंचीं तो गेट पर केवल ससुर दिनेश प्रसाद साह मौजूद थे। पूछने पर उन्होंने बताया कि बहू ने आत्महत्या कर ली है। जब परिजन कमरे में पहुंचे तो सलोनी का शव बेड पर पड़ा मिला। घर में और कोई सदस्य मौजूद नहीं था। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने ससुर की पिटाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर हंगामा हुआ, जिसके बाद पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
विज्ञापन


बिदुपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और एफएसएल टीम के साथ जांच की गई है। शुरुआती जांच में महिला के साथ मारपीट के संकेत मिले हैं। पुलिस ने ससुर दिनेश प्रसाद साह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी पति प्रितेश कुमार फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। साथ ही उसकी पिछली शादियों से जुड़े मामलों की भी जांच की जा रही है। परिजनों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है और इसे हत्या का स्पष्ट मामला बताया है।

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें