मुजफ्फरपुर जिले के कटरा प्रखंड की बागमती नदी में एक बार फिर दो मगरमच्छ देखे गए हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मवेशी पालक और मछुआरे खासतौर पर डर में हैं।
मुजफ्फरपुर जिले के कटरा प्रखंड से होकर बहने वाली बागमती नदी में एक बार फिर मगरमच्छ दिखने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। सोमवार को प्रखंड क्षेत्र के बसघट पंचायत के बकुची गांव के पास अचानक दो मगरमच्छ देखे गए। ग्रामीणों ने बताया कि नदी में मगरमच्छ की मौजूदगी से खासकर मवेशी पालक और मछुआरे दहशत में हैं। पहले भी मगरमच्छ के हमले में कई मवेशियों की मौत हो चुकी है, ऐसे में अब लोगों को अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने बागमती नदी में नहाने और मवेशियों को पानी पिलाने पर फिलहाल अस्थायी रोक लगा दी है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और नदी के किनारे सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दिनों भी बर्री बसघट्टा पंचायत क्षेत्र में मगरमच्छ के दिखने से कई बार दहशत का माहौल बन चुका है। अब दोबारा मगरमच्छ दिखने से इलाके में डर और गहरा गया है।