Bihar News: बिहार के सीतामढ़ी में एक सड़क हादसे का मामला सामने आया है। यहां सुप्पी थाना क्षेत्र के मोहनी मंडल के समीप अनियंत्रित बस 20 फीट गहरे गड्ढे में गिरकर पलट गई, जिससे कई यात्री घायल हो गए।
सीतामढ़ी के सुप्पी थाना क्षेत्र के मोहनी मंडल के समीप एक भीषण सड़क हादसा हुआ। अनियंत्रित बस 20 फीट गहरे गड्ढे में गिरकर पलट गई, जिससे कई यात्री घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सुप्पी थाना अध्यक्ष विष्णु देव कुमार और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को सीतामढ़ी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि 4 अन्य को मामूली चोटें आई हैं। इसके अलावा, 2 घायलों का इलाज निजी अस्पताल में किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस तेज गति में थी और अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय प्रशासन ने घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है। हादसे के बाद से स्थानीय लोग आक्रोशित हैं और बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।