वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में एक छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। भारी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय आशुतोष कुमार के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका छोटा भाई अंकित कुमार बताया जा रहा है। यह घटना लालगंज के घटारो दक्षिणी पंचायत के वार्ड नंबर-1 की है।
छह बार जेल भी जा चुका था मृतक
पुलिस के अनुसार, मृतक आशुतोष कुमार नशे का आदी था और इस संबंध में वह छह बार जेल भी जा चुका था। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना की सूचना मिलते ही लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे। वहीं, सदर एसडीपीओ-2 गोपाल मंडल भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए।
आसपास के लोगों से पूछताछ
पुलिस द्वारा आसपास के लोगों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई नमूने एकत्र किए और जांच शुरू कर दी है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने गंभीर हालत में आशुतोष कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा था, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया।
ये भी पढ़ें:
पूर्णिया में अपराधियों पर बड़े एक्शन की तैयारी; 21 माफियाओं की संपत्ति होगी जब्त; कोर्ट से नोटिस जारी
एसडीपीओ ने क्या कहा
इस संबंध में सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते छोटे भाई ने बड़े भाई आशुतोष कुमार के साथ मारपीट की थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पहले उसे हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर किया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। एसडीपीओ ने यह भी बताया कि मृतक आशुतोष शराब पीने का आदी था और वह पहले भी छह बार जेल जा चुका था।