बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र की वीरपुर पंचायत के वार्ड संख्या 6 में रविवार की अहले सुबह एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने पति पर दहेज में चार पहिया वाहन नहीं मिलने पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से पति फरार बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
चार माह पहले हुई थी शादी
मृतका की पहचान जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के चकसिंगार गांव निवासी शंकर राम की 19 वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अंजली की शादी करीब चार माह पहले वीरपुर निवासी शंकर राम के साथ हिंदू रीति-रिवाज से धूमधाम से हुई थी। मृतका के भाई राहुल कुमार ने बताया कि शादी में परिवार ने अपनी हैसियत से बढ़कर डेढ़ लाख रुपये नकद, जेवरात और घरेलू सामान दहेज में दिया था। परिवार को उम्मीद थी कि अंजली अपने ससुराल में खुशहाल जीवन बिताएगी, लेकिन आरोप है कि शादी के करीब 15 दिन बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
चार पहिया वाहन की मांग को लेकर मारपीट का आरोप
राहुल कुमार के अनुसार, शादी के बाद अंजली का पति शंकर राम दहेज में चार पहिया वाहन की मांग करने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर अंजली के साथ रोज मारपीट की जाती थी। भाई ने यह भी आरोप लगाया कि उसे ठीक से खाना-पीना तक नहीं दिया जाता था। परिजनों ने कई बार पंचायत कराकर मामला सुलझाने की कोशिश की। राहुल ने बताया कि उन्होंने अपने बहनोई को समझाया था कि फिलहाल उनके पास पैसे नहीं हैं, लेकिन व्यवस्था होने पर गाड़ी दे देंगे। इसके बावजूद वह अपनी मांग पर अड़ा रहा।
दो लाख रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
मृतका के भाई ने बताया कि शनिवार की देर रात करीब 11 बजे शंकर राम ने फोन कर धमकी दी थी। राहुल के मुताबिक, बहनोई ने कहा था कि रविवार सुबह आकर अंजली को ले जाओ। अगर दो लाख रुपये नहीं दिए गए, तो वह अंजली को जान से मार देगा। इस धमकी के बाद परिवार के लोग सहम गए थे।
सुबह मिली मौत की सूचना, गले पर मिले काले निशान
रविवार अहले सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों के माध्यम से मायके वालों को सूचना मिली कि अंजली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इसके बाद परिजन आनन-फानन में वीरपुर पहुंचे। वहां उन्होंने अंजली का शव घर के बाहर आंगन में पड़ा देखा। परिजनों के अनुसार, उसके गले पर रस्सी या हाथ से दबाने जैसे गहरे काले निशान थे।
शव को बोरे में भरकर ले जाने की तैयारी का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार, अंजली का पति शंकर राम शव को ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहा था। आरोप है कि वह शव को बोरे में भरकर ले जाने की तैयारी में था। इसी दौरान कुछ महिलाओं की नजर उस पर पड़ गई। महिलाओं के शोर मचाने पर वहां भीड़ जुट गई। ग्रामीणों को आते देख आरोपी पति शव को दरवाजे पर छोड़कर खेतों की ओर भाग गया।
पुलिस और एफएसएल की टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही जुड़ावनपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच के लिए हाजीपुर से विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। जुड़ावनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दहेज हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतका के गले पर जख्म के निशान मिले हैं। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मायके पक्ष से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।