वैशाली जिले में सदर थाना क्षेत्र के हाजीपुर-महुआ मार्ग स्थित सैदपुर रजौली गांव में पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित कंटेनर लोड ट्रक ने सदर थाना की गश्ती गाड़ी में जबरदस्त ठोकर मार दी। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बता दें कि पुलिस वैन में ठोकर मारने के बाद ट्रक एक बाइक को रौंदते हुए पेड़ से टकराकर रुक गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, पुलिस वैन में बैठे कई पुलिसकर्मियों को हल्की चोट लगी है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर थाना ले आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम चार बजे के करीब सदर थाना क्षेत्र के सैदपुर रजौली गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास महुआ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कंटेनर लोड ट्रक ने हाजीपुर की ओर से जा रही सदर थाना की गश्ती वैन में जोरदार ठोकर मारने के बाद सड़क किनारे खड़ी बाइक को रौंदते हुए इमली के पेड़ से टकरा गई। घटना में पुलिस वैन में सवार कई पुलिस कर्मियों को हल्की चोट लगी है।
घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वैन का पिछला हिस्सा जहां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, पेड़ में टकराने के कारण ट्रक के अगले भाग के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुलिस वैन में ट्रक के टकराने के दौरान ही बाइक चालक बाइक छोड़कर भागा, जिससे बाइक ट्रक के आगे फंस कर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना में पुलिस वैन पर सदर थाना के एक पुलिस पदाधिकारी और चालक समेत पांच कर्मी के साथ बाइक सवार दो युवक बाल-बाल बच गए। घटना के बाद पुलिस ने ट्रक के चालक को हिरासत में लेकर थाना ले आई। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है। एक पुलिसकर्मी ने बताया कि ट्रक के चालक को नींद लगने के कारण घटना होने का अनुमान लगाया जा रहा है।