मुजफ्फरपुर जिले में अब आम लोग ही नहीं, बल्कि पुलिसकर्मी भी अपराधियों के निशाने पर हैं। ताजा मामला शहर से आया है, जहां बेखौफ बदमाशों ने सरेआम एक महिला सिपाही की कनपटी पर पिस्टल सटाकर करीब डेढ़ लाख रुपये की सोने की चेन लूट ली। इतना ही नहीं, जब महिला सिपाही ने साहस दिखाते हुए बदमाशों को रोकने की कोशिश की, तो अपराधियों ने दो राउंड हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। वहीं, इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। यह पूरी घटना मिठनपुरा थाना क्षेत्र के बीएमपी-6 रोड स्थित न्यू दुर्गापुरी कॉलोनी की है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
हथियार अड़ाकर लूट ली सोने की चेन
मिली जानकारी के अनुसार, जिले के बीएमपी-6 में तैनात दरभंगा जिले की निवासी महिला सिपाही नेहा झा देर शाम अपनी स्कूटी से सब्जी खरीदकर अपने किराए के मकान लौट रही थीं। इस दौरान उन्हें इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि अपराधी काफी देर से उनकी रेकी कर रहे हैं। जैसे ही नेहा अपनी गली में पहुंचीं, बाइक सवार बदमाशों ने उनकी कनपटी पर हथियार सटा दिया और झपट्टा मारकर उनकी सोने की चेन लूट ली।
बदमाशों ने हवा में दो राउंड फायरिंग की
इस दौरान महिला सिपाही ने बहादुरी दिखाते हुए बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने तुरंत दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और दहशत फैल गई, जिसके बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। पीड़िता महिला नेहा झा के पति सेना में कार्यरत हैं और वह न्यू दुर्गापुरी में किराए के मकान में रहती हैं। घटना की सूचना मिलते ही मिठनपुरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
ये भी पढ़ें-
पटना हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, बर्खास्त मुखिया मुन्ना सहनी पद पर बहाल; हटाने का सरकारी आदेश रद्द
घटना को लेकर मिठनपुरा थाना की पुलिस ने बताया कि घटना के बाद जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान में जुटी है। अपराधियों के भागने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।