मोतिहारी में ईस्ट वेस्ट कॉरिडोर पर बथना के मदर डेयरी के समीप अज्ञात वाहन की ठोकर से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। मौत से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग करते हुए शव को एनएच पर रख जाम कर दिए, जिससे आवागमन पूर्णतः अवरुद्ध हो गया। मृतक की पहचान बथना के 55 वर्षीय शंभू महतो के रूप में हुई।
बताया जाता है कि मृतक गुरुवार अहले सुबह सड़क किनारे शौच के बाद घर लौट रहा था। जब सड़क पार कर रहा था, तभी अज्ञात वाहन ठोकर मार फरार हो गया, जिससे व्यक्ति की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। उसके बाद शीघ्र ही घटना की सूचना गांव में फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण आकर शव को एनएच पर दोनों लेन को जाम कर दिया। ग्रामीण मृतक के लिए मुआवजे की मांग कर रहे थे।
देखते-देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में थानाध्यक्ष खालिद अख्तर, बीजेपी नेता जटाशंकर सिंह, अभय सिंह, चांद खां, रमेश महतो, चंदन कुमार शर्मा, गरीब राय, बच्चा सिंह के समझाने के तीन घंटे बाद जाम हटा। थानाध्यक्ष खालिद अख्तर ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
इधर, पत्नी कुंती देवी का रो-रो कर बुरा हाल था। वहीं, उसकी मुस्मात पुत्री रो-रो कर बेहोश हो जा रही थी, जिसका भरण पोषण पिता की कमाई से ही होता था। उसको क्या पता था कि पति की मौत के बाद अंतिम सहारा पिता भी अकेला छोड़ चले जाएंगे। मृतक को दो पुत्र, तीन पुत्री में से एक पुत्र व दो पुत्री की शादी हो चुकी है। एक मुस्मात बेटी का मृतक भरण पोषण करता था। ग्रामीण चंदन कुमार शर्मा ने बताया कि मृतक खेतीबाड़ी से परिवार का पोषण करता था।