मुजफ्फरपुर में त्योहारों के दौरान चेन, पर्स और मोबाइल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय महिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। नगर थाना पुलिस ने 15 महिलाओं को गिरफ्तार किया। इनमें उत्तर प्रदेश की 11 और बिहार की चार महिलाएं शामिल हैं।
बिहार के मुजफ्फरपुर में त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेन, पर्स और मोबाइल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय महिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। नगर थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन रोड इलाके में छापेमारी कर 15 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनमें उत्तर प्रदेश की 11 और बिहार के सीवान जिले की चार महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से नकदी, सोने के आभूषण और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि त्योहारों के मौसम में चेन स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही थी। इसी दौरान 16 अक्टूबर को नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बाहर से आई महिलाओं का एक गिरोह शहर में चेन स्नैचिंग, मोबाइल और पर्स चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 15 महिलाओं को गिरफ्तार किया।
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों और मुख्य सरगना की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान चेन स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाना उसकी प्राथमिकता है।