जिले के बंदरा प्रखंड अंतर्गत रतवारा ढोली घाट पर बूढ़ी गंडक नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता श्याम किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को संबोधित एक पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने मांग की है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पूर्व इस पुल निर्माण कार्य का शुभारंभ स्वयं मुख्यमंत्री अपने कर कमलों से करें। अन्यथा, उन्हें इच्छा मृत्यु प्रदान की जाए।
श्याम किशोर ने पत्र में उल्लेख किया है कि स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी मांग के बाद मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन एवं बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना पदाधिकारी द्वारा लिखित रूप में यह जानकारी दी गई है कि रतवारा ढोली घाट पर पुल निर्माण के लिए एक अरब रुपये की प्राक्कलित राशि तैयार कर प्रशासकीय स्वीकृति हेतु सरकार को भेज दी गई है। इसके बावजूद, सरकार की ओर से अब तक कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया है और इस मुद्दे पर चुप्पी साधी हुई है।
पढ़ें: कर्तव्य में लापरवाही पर 22 थानाध्यक्षों के वेतन पर रोक, एसपी ने तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कोई ठोस पहल नहीं की गई, तो आगामी चुनावों की आचार संहिता लागू होते ही वे जिला मुख्यालय, मुजफ्फरपुर में आत्मदाह करने को विवश होंगे। उन्होंने पत्र की प्रति राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक, तथा मुजफ्फरपुर के जिला पदाधिकारी को भी प्रेषित की है। श्याम किशोर ने यह भी कहा है कि यदि ऐसी परिस्थिति उत्पन्न होती है, तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी राज्य शासन और प्रशासन की होगी।