वैशाली जिले के पहलेजा थाना क्षेत्र में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब मेहंदी की रस्म से पहले गंगा स्नान करने गए एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं शादी वाले घर में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
पूरी घटना पहलेजा थाना क्षेत्र के नौदिहा सैदपुर गांव की बताई जा रही है। मृतक की पहचान सराय थाना क्षेत्र के कोयला मोहन गांव निवासी रामानंद राय के 17 वर्षीय पुत्र विनय कुमार के रूप में हुई है।
नानी के घर आया था किशोर
जानकारी के अनुसार, विनय अपनी नानी के घर शादी समारोह में शामिल होने आया था। मंगलवार को मेहंदी की रस्म से पहले वह अपने दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने घाट पर गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। घाट पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए सोनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें-
Bihar: नई तकनीक से बदलेगी बिहार की सड़कों की तस्वीर, पथ निर्माण मंत्री ने अफसरों को दिया एक हफ्ते का अल्टीमेटम
घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि विनय दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। शादी की खुशियों के बीच अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।