जेल में भाइयों को राखी बांधने पहुंची बहनें
- फोटो : अमर उजाला
रक्षाबंधन के मौके पर आज मुजफ्फरपुर के अमर शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारागृह में भावुक नजारे देखने को मिले। सजायाफ्ता और विचाराधीन कैदियों की कलाई पर बहनों ने राखी बांधी, माथे पर तिलक लगाया और मिठाई खिलाकर अपने भाइयों की लंबी उम्र, सलामती और जल्द रिहाई की दुआ मांगी।
कोरोना काल के बाद पहली बार बहनों को जेल में आकर अपने भाइयों से मिलने का अवसर मिला। सुबह से ही जिले के विभिन्न इलाकों से आई बहनें जेल के बाहर कतार में खड़ी होकर अपने क्रम का इंतजार करती रहीं। जैसे ही किसी बहन ने अपने भाई की कलाई पर राखी बांधी, कई की आंखें भर आईं। भावुक होते हुए बहनों ने कहा- हमारा भाई जल्द घर लौटे, खुश रहे, यही हमारी कामना है।
ये भी पढ़ें: Bihar News: पटना में भतीजे ने चाचा को मारी गोली, हालत गंभीर; शराब बेचने का विरोध करने पर किया ऐसा
जेल अधीक्षक रिजवान अख्तर ने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर जेल प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए थे। राखी बांधने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से आवेदन लिए गए। 200 से अधिक ऑनलाइन और 50 से 100 ऑफलाइन आवेदन प्राप्त हुए। सुबह 8 बजे से शुरू यह कार्यक्रम अब तक जारी है और अंतिम व्यक्ति तक राखी बांधने की व्यवस्था की गई है। करीब 300 कैदियों को आज राखी बांधी जा रही है। सुरक्षा के लिए जेल गेट से लेकर हर चेक प्वाइंट पर सख्त जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। बहनों द्वारा लाए गए मिठाई के डिब्बे भी कैदियों तक पहुंचाए जा रहे हैं।