Bihar : बिहार सरकार के मंत्री के पुत्र से अपराधियों ने दस लाख रुपए की रंगदारी मांगी है। रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। अब मंत्री के पुत्र ने थाना में आवेदन देकर अपराधियों को गिरफ्तार करने की अपील की है।
बिहार में बेखौफ अपराधियों ने बिहार सरकार के मंत्री पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के बेटे कृष्ण मुरारी उर्फ मुरली से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। इतना ही नहीं, रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। मामला मुजफ्फरपुर जिले की है। अब पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के बेटे कृष्ण मुरारी उर्फ मुरली ने सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
क्या है मामला?
इस मामले में बिहार सरकार के मंत्री पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के बेटे कृष्ण मुरारी उर्फ मुरली का कहना है कि मंगलवार की रात करीब 9:53 बजे वह गोबरसही डुमरी स्थित अपने आवास पर थे। उसी दौरान उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें यह कहा गया कि एक सप्ताह के भीतर 10 लाख रुपए दो वरना गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहो। बातचीत के दौरान कृष्ण मुरारी ने कॉल करने वाले का नाम भी पूछा, तो उधर से धमकी देने वाले ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि नाम मक़त पूछो। जो कहा वह करो वरना गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहो। यह कहते ही उधर से कॉल कट गया। फिर आननफानन में कृष्ण मुरारी उर्फ मुरली ने मुजफ्फरपुर एसएसपी को कॉल कर के इस घटना की जानकारी दी।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के संबंध में एसएसपी सुशील कुमार ने उन्हें मामला दर्ज कराने की बात कही। फिर कृष्ण मुरारी उर्फ मुरली ने सदर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराते हुए उक्त आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। जिस नंबर से धमकी वाला कॉल आया था, कृष्ण मुरारी ने उस मोबाइल नंबर को भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। इस मामले में एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कॉल डिटेल के आधार पर नंबर की जांच-पड़ताल की जा रही है। एसएसपी सुशील कुमार ने आश्वासन देते हुए कहा है कि आरोपी को बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।