मोतिहारी से एक रोचक खबर सामने आ रही है, जहां चोरों ने अबकी बार पुलिस को चैलेंज करते हुए दारोगा जी के ही बाइक पर ही हाथ साफ कर दिया है। अब तक आप सुनते होंगे कि शहर के विभिन्न जगहों से आए दिन बाइक की चोरी होती है।
मोतिहारी के पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात ने जिले में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटना से परेशान होकर चार दिन पहले ही आम लोगों से अपील की थी, वे अपने बाइक में बाइक लॉक के साथ-साथ शौकर लॉक भी रखें, ताकि बाइक चोरी की घटना पर लगाम लग सके। लेकिन पुलिस कप्तान की यह बात चोरों ने दिल पर ले ली। फिर क्या था, चोरों ने पुलिस को ही चैलेंज करते हुए अबकी बार दरोगा जी के बाइक पर हाथ साफ कर दिया। बता दें कि सुगौली थाने में पदस्थापित दारोगा विश्वजीत पंडित की मोटरसाइकिल चोरी की गई है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना दो दिन पहले की बताई जाती है। जब दारोगा विश्वजीत पंडित सामान खरीदने को लेकर अपनी मोटरसाइकिल सुगौली थाना चौक के पास खड़ी कर कुछ देर के लिए निकले। वापस आने पर मोटरसाइकिल नहीं थी। आसपास पूछताछ करने पर कुछ पता नहीं चला।अज्ञात चोरों ने मोटरसाइकिल को चोरी कर लिया है।
सुगौली थानाध्यक्ष ने इस संबंध में मामला दर्ज करते हुए आगे की जांच कर रही है। पुलिस ने घटना स्थल की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम जारी है। वहीं, दारोगा के मोटरसाइकिल चोरी होने की घटना लेकर लोगों में काफी चर्चा है। यह घटना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। इस संबंध में सुगौली थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने शीघ्र ही बाइक चोरों को पकड़ने की बात कही है।