सीतामढ़ी जिले में गंभीर जल संकट को लेकर बाजपट्टी के राजद विधायक मुकेश कुमार यादव ने रविवार को डुमरा स्थित अंबेडकर स्थल पर आमरण अनशन शुरू कर दिया। विधायक ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र की सभी 42 पंचायतों में पेयजल की स्थिति बेहद भयावह है। लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग समस्या के समाधान को लेकर उदासीन है।
विधायक यादव ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जल संकट का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे आत्मदाह करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पूर्व में जिलाधिकारी को पत्र लिखकर अवगत कराया था और साफ चेतावनी दी थी कि हालात नहीं सुधरे तो 7 सितंबर से आमरण अनशन पर बैठेंगे।
पढ़ें: 'झंडा लहराना-नारेबाजी करना देशद्रोह की श्रेणी में', भागलपुर में फिलिस्तीनी झंडा लहराने पर अश्विनी चौबे
उन्होंने पीएचईडी विभाग पर आरोप लगाया कि क्षेत्र में जगह-जगह नल-जल पाइपलाइन लीकेज की समस्या है, लेकिन विभाग मरम्मत कराने में कोई रुचि नहीं दिखा रहा। उनका कहना है कि ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दूर-दूर भटकना पड़ रहा है। गर्मी और उमस के इस मौसम में पानी की अनुपलब्धता लोगों की सेहत पर भी असर डाल रही है।
यादव ने दोहराया कि जब तक जल संकट का समाधान नहीं होगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उनके अनशन का बाजपट्टी क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने समर्थन किया। राजद नेता सुधीर कुंवर और संजय कुमार भी मौके पर मौजूद रहे।
अनशन स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अधिकारियों से मिलकर अपनी समस्या का समाधान कराने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी की आपूर्ति बाधित होने से उनकी रोजमर्रा की जिंदगी ठप हो गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस आंदोलन पर कैसी कार्रवाई करता है और जल संकट से जूझ रहे लोगों को कब तक राहत मिल पाती है।