सीतामढ़ी के बाजपट्टी थाना क्षेत्र के बाबू नरहा गांव में रविवार की देर रात एक नाबालिग लड़की की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मृतका की पहचान स्थानीय निवासी रौशन मिश्रा की भांजी प्रिया कुमारी के रूप में हुई है। वह अपने ननिहाल में ही रह रही थी। देर रात अज्ञात बदमाश घर में घुसे और उसकी हत्या कर शव को छत पर फेंक दिया। सोमवार सुबह परिजनों ने शव देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही बाजपट्टी थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए।
पढ़ें: फुल्टन की पलटन ने पलट दी एशिया की बादशाहत, कोरिया को हराकर भारत बना विजेता
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिवारजन व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
गौरतलब है कि मृतका के मामा रौशन कुमार का परिवार पहले भी अपराधियों के निशाने पर रह चुका है। कुछ माह पूर्व उनके भांजे आदित्य कुमार की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब भांजी की हत्या से मामला और संदिग्ध हो गया है।
लगातार हो रही आपराधिक वारदातों से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम से ही इस हत्याकांड की असली वजह सामने आ पाएगी।