वैशाली जिले के महनार विधानसभा क्षेत्र के जंदाहा में रविवार को एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस मौके पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपलब्धियों का जिक्र किया और विपक्ष पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि बिहार में झूठ और भ्रम फैलाने वालों की बातों में लोग नहीं आएंगे। इस बार महागठबंधन को एक भी सीट नहीं मिलने वाली है। बिहार में एनडीए की लहर चल रही है और विपक्षी दल एक सीट के लिए भी तरस जाएंगे।
पढ़ें: तेज प्रताप यादव ने राजबल्लभ यादव को बताया अपराधी, कहा- ऐसे लोगों की बातों को नहीं देता तवज्जो
कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आचार संहिता का इंतजार किए बिना अभी से ही चुनावी तैयारी शुरू कर दें और सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच रखें।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार शिक्षा, राजनीति और आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। हमारी सरकार का लक्ष्य बिहार को उस मुकाम तक ले जाना है जहां से लोग चाहकर भी इसे पीछे न खींच सकें। सम्मेलन में शामिल सभी कार्यकर्ताओं से उन्होंने संकल्प लेने की अपील की कि वे आगामी चुनाव में एनडीए की जीत सुनिश्चित करेंगे।