वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव में जमीन की बाउंड्री कराने को लेकर मंगलवार को विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई नोकझोंक के दौरान अचानक फायरिंग शुरू हो गई। गोली लगने से बाउंड्री करा रहे राहुल कुमार के बाएं पैर में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
निजी जमीन पर बाउंड्री कराना पड़ा भारी
जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार अपनी निजी जमीन पर बाउंड्री वॉल का निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। घायल और उसके परिजनों के मुताबिक, आशुतोष, किशन कुमार और अशोक सिंह समेत अन्य लोग वहां पहुंचे थे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दूसरे पक्ष की ओर से गोलीबारी शुरू कर दी गई।
एक गोली पैर में लगी, सड़क पर गिरा युवक
फायरिंग के दौरान एक गोली राहुल कुमार के बाएं पैर में जा लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल राहुल कुमार को तत्काल हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने आपातकालीन वार्ड में उनका इलाज किया। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं।
पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा, बाकी की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नगर थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार भी सदर अस्पताल पहुंचे और घायल व उसके परिजनों से घटना की जानकारी ली।
यह भी पढ़ें:
खुद को IAS और अजीत डोभाल का अंडरकवर एजेंट बताता था युवक, फर्जी ID-शराब समेत गिरफ्तार
बिदुपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि शुरुआती जांच में जमीन के पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों में गोलीबारी की बात सामने आई है। घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
फरार आरोपियों के लिए छापेमारी जारी
पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर लिया है। बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।