मुजफ्फरपुर में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने आगामी चुनावों को लेकर एनडीए की रणनीति और उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की सराहना कर कहा कि बिहार में अब गड्ढों वाली सड़कें और कानून व्यवस्था की खामियां इतिहास बन चुकी हैं।
‘बिहार में विकास और कानून का राज’
दिलीप जायसवाल ने कहा कि बिहार ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार में अब कानून का राज है और सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे हर क्षेत्र में प्रगति हुई है।
उन्होंने कहा कि पहले बिहार को गड्ढों और अराजकता के लिए जाना जाता था, लेकिन अब तस्वीर बदल चुकी है। अब आप जहां भी जाएंगे, विकास के प्रमाण मिलेंगे। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार को श्रेय दिया।
‘हम पांच पांडव हैं, विपक्ष रूपी कौरवों का नाश करेंगे’
एनडीए गठबंधन की मजबूती पर बात करते हुए दिलीप जायसवाल ने भाजपा, जेडीयू, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा), हिंदुस्तान आवामी मोर्चा (हम) और लोजपा के गठबंधन को पांच पांडव की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि हमारी ताकत पांडवों की ताकत है। हम महाभारत की तरह विपक्ष रूपी कौरवों का नाश करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए ने कमर कस ली है और आगामी विधानसभा चुनाव में विपक्ष को करारी शिकस्त देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
‘लालू परिवार का सत्ता का सपना अधूरा रहेगा’
राजद सुप्रीमो लालू यादव और उनके परिवार पर तीखा हमला बोलते हुए जायसवाल ने कहा कि लालू परिवार सत्ता के लिए ‘लार टपका’ रहा है। उन्होंने कहा कि लालू यादव, उनके बेटे तेजस्वी और बेटियां सभी सत्ता के लिए लालायित हैं। लेकिन उनकी यह मंशा पूरी नहीं होगी। अब बिहार की जनता उन्हें पहचान चुकी है। एनडीए का गठबंधन अटूट है और लालू परिवार का सपना कभी साकार नहीं होगा। उन्होंने तेजस्वी यादव को चेतावनी देते हुए कहा कि एनडीए की एकजुटता से उनकी उम्मीदें ध्वस्त हो जाएंगी।
‘एनडीए में है जीत का आत्मविश्वास’
प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि एनडीए ने बिहार की जनता का भरोसा जीता है और उसी के बल पर आगामी चुनावों में बड़ी जीत हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि लोगों ने लालू-राबड़ी के जंगलराज को देखा है और अब नीतीश-मोदी के विकासराज का अनुभव किया है। यह चुनाव न केवल एनडीए की ताकत को दिखाएगा बल्कि विपक्षी कुनबे की हार का भी संदेश देगा।
कार्यक्रम के अंत में दिलीप जायसवाल ने विपक्ष को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि एनडीए सरकार की उपलब्धियों के सामने विपक्ष का कोई आधार नहीं है। उन्होंने कहा कि लालू परिवार और विपक्ष को अब पत्तल चाटने के लिए भी जगह नहीं मिलेगी। एनडीए के नेतृत्व में बिहार विकास की ओर अग्रसर है और यह सिलसिला जारी रहेगा।